नई दिल्ली। घरेलू LPG गैस सिलेंडर की बुकिंग को लेकर केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के लिए LPG रीफिल बुकिंग का अंतराल समान रूप से 25 दिन करने का निर्णय लिया है। यानी ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ताओं को अब दोबारा गैस सिलेंडर बुक कराने के लिए 45 दिन का इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
मंत्रालय की ओर से 7 सितंबर 2026 को जारी आदेश में बताया गया है कि इससे पहले LPG रीफिल की बुकिंग के लिए शहरी क्षेत्रों में 25 दिन, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन का अंतराल निर्धारित किया गया था। यह व्यवस्था LPG की मांग को नियंत्रित करने के लिए अस्थायी तौर पर लागू की गई थी।
45 दिन की व्यवस्था में बदलाव
अब LPG की मौजूदा आपूर्ति स्थिति में सुधार और रीफिल बैकलॉग में कमी को देखते हुए मंत्रालय ने मौजूदा व्यवस्था में बदलाव किया है। नए आदेश के मुताबिक सभी घरेलू LPG उपभोक्ताओं के लिए 25 दिन का इंटर-रीफिल बुकिंग गैप निर्धारित किया गया है।
इसका सीधा फायदा ग्रामीण क्षेत्र में रहने वाले घरेलू LPG उपभोक्ताओं को मिलेगा। जहां पहले उन्हें अगला सिलेंडर बुक करने के लिए 45 दिन का अंतराल पूरा करना पड़ता था, अब वे 25 दिन बाद रीफिल बुकिंग कर सकेंगे।
तत्काल प्रभाव से लागू
मंत्रालय ने IOCL, BPCL और HPCL को संशोधित बुकिंग अंतराल को लागू करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। आदेश में यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू करने की बात कही गई है।
गौरतलब है कि मार्च 2026 में LPG आपूर्ति और मांग को संतुलित करने के लिए शहरी क्षेत्रों में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन का अंतराल लागू किया गया था। उस समय सरकार ने इसे आपूर्ति प्रबंधन से जुड़ा कदम बताया था।



