दुर्ग। नंदिनी नगर थाना क्षेत्र के ग्राम अरसनारा के पास कांवड़ यात्रा के दौरान महिला पर बैटरी में पाए जाने वाले केमिकल का छिड़काव कर गंभीर रूप से घायल करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान महेश दास (30 वर्ष), निवासी ग्राम कारंजा भिलाई, थाना नंदिनी नगर, जिला दुर्ग के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और केमिकल युक्त डिब्बा भी जब्त किया है।
बातचीत बंद करने से नाराज था आरोपी
पुलिस के अनुसार, 17 अगस्त 2026 को कारंजा भिलाई निवासी पीड़िता अपने परिचित के साथ कांवड़ यात्रा के लिए ग्राम कोडिया आई हुई थी। इसी दौरान आरोपी महेश दास ग्राम अरसनारा के पास पहुंचा। बताया गया कि आरोपी पीड़िता द्वारा बातचीत बंद किए जाने से नाराज था।
आरोपी मोटरसाइकिल से मौके पर पहुंचा और अपने साथ टिन के डिब्बे में लाए गए बैटरी में पाए जाने वाले केमिकल का पीड़िता के ऊपर छिड़काव कर दिया। केमिकल के संपर्क में आने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के बाद रातभर CCTV खंगालती रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही थाना नंदिनी नगर पुलिस ने अपराध क्रमांक 271/2026 के तहत धारा 124(1) भारतीय न्याय संहिता में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा पीड़िता के उपचार और घटना से जुड़ी जानकारी लेने के लिए अस्पताल पहुंचकर आवश्यक जानकारी जुटाई।
पुलिस टीम ने रातभर घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के CCTV फुटेज खंगाले। इसके साथ ही संभावित स्थानों पर पूछताछ और लगातार पतासाजी करते हुए आरोपी की पहचान सुनिश्चित की गई।
मुखबिर की सूचना पर आरोपी गिरफ्तार
विवेचना के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी महेश दास ग्राम कारंजा भिलाई में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर नंदिनी नगर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी से घटना के संबंध में आवश्यक जानकारी प्राप्त की गई। आरोपी द्वारा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल पुलिस को उपलब्ध कराई गई, जिसे विधिवत जब्त कर लिया गया। इसके अलावा केमिकल युक्त एक डिब्बा भी जब्त किया गया है।
पुलिस ने आरोपी को 18 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। प्रकरण में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
पुलिस के मुताबिक आरोपी पीड़िता द्वारा बातचीत बंद किए जाने से नाराज था। इसी नाराजगी के चलते वह मोटरसाइकिल से ग्राम अरसनारा के पास पहुंचा और अपने साथ लाए टिन के डिब्बे में रखे बैटरी में पाए जाने वाले केमिकल का महिला पर छिड़काव कर मौके से चला गया।
पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि व्यक्तिगत विवाद अथवा आपसी मतभेद की स्थिति में कानून हाथ में न लें। किसी भी प्रकार की हिंसक कार्रवाई से बचें और विवाद की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें। महिलाओं के विरुद्ध हिंसा की किसी भी घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस द्वारा नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
स्थान: ग्राम अरसनारा के पास, थाना नंदिनी नगर क्षेत्र, जिला दुर्ग
थाना: नंदिनी नगर
अपराध क्रमांक: 271/2026
धारा: 124(1) भारतीय न्याय संहिता
आरोपी: महेश दास, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम कारंजा भिलाई
जब्ती: घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल एवं केमिकल युक्त डिब्बा



