दुर्ग/नंदकट्ठी। कांवड़ यात्रा देखने और भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए निकली एक महिला पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा तेजाब फेंककर फरार होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद महिला गंभीर रूप से झुलस गई, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार मीना बाई निषाद (लगभग 32 वर्ष), पति संतोष निषाद, निवासी करंजा भिलाई सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे अपने बच्चों के साथ रवेलीडीह और अरसनारा के बीच खंडहर राइस मिल के पास मुख्य सड़क से गुजर रही थीं। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति ने कथित तौर पर महिला पर तेजाब फेंक दिया और मौके से फरार हो गया।
तेजाब हमले में महिला का दाहिना हाथ, वक्षस्थल, कान और सिर बुरी तरह झुलस गया है। महिला के साथ मौजूद दोनों बच्चों पर भी तेजाब के छींटे पड़े, हालांकि उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई। दुर्ग पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने देर रात घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अब अज्ञात आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और घटना के कारणों तथा आरोपी की पहचान को लेकर जांच की जा रही है।
इस वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर महिला पर तेजाब किसने और क्यों फेंका? पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हमले के पीछे की असली वजह सामने आ सकेगी।
फिलहाल महिला अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है, वहीं पुलिस अज्ञात आरोपी तक पहुंचने के लिए जांच में जुटी हुई है।



